मसूरी क्षेत्र के एक फार्महाउस से दिल्ली वापस लौट रहे तीन चचेरे भाइयों को क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में एनएच-9 पर तिगरी गोल चक्कर के पास ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में पवन पोसवाल (26) पुत्र चंद्रपाल की मौके पर मौत हो गई जबकि जय पुत्र विनोद और हनी पोसवास पुत्र श्यामवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों चचेरे भाई दिल्ली तिहाड़ गांव से गांव के ही रहने वाले एक युवक की शादी में आए थे। वापस लौटते समय वे तिगरी गोल चक्कर के पास हाइवे पर रुक गए। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। जय और हनी का दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली तिहाड़ गांव निवासी महावीर सिंह दिल्ली में भाजपा नेता हैं। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी को गांव के ही एक युवक का विवाह था। उनके तीनों भतीजे गांव से बरात में गए थे। वहां से वापस लौटते वक्त देर रात उन्हें हादसे की सूचना मिली। वापस लौटते समय तीनों हाइवे पर पार्किंग लाइट जलाकर रुके थे। उनके साथ पीछे आ रही गांव की ही एक और कार रुक गई। उनके भतीजे जैसे ही कार से नीचे उतरे। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मारी।