ऋण दिलाने के नाम पर फर्जी तरीके से खरीदा सामान
गाजियाबाद। ऋण दिलाने के नाम पर दस्तावेज लेकर फर्जी तरीके से ऋण लेकर लाखों रुपये सामान खरीदने का मामला सामने आया है। मामले में लोनी राहुल गार्डन के रहने वाले वाले जयकुमार ने सेल्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक विजय, क्रोमा सेंटर प्रबंधक, एचडीएफसी बैंक प्रबंधक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक प्रबंधक, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विस के प्रबंधक, दीपक कुमार और प्रवीन के खिलाफ कविनगर थाने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जयकुमार का कहना है कि वह किसी काम से प्रवीन की दुकान पर गए थे। वहां उनकी मुलाकात दीपक कुमार से हुई। प्रवीन ने बताया कि दीपक एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है और ऋण कराता है। जयकुमार का कहना है कि उन्हें सामान खरीदने के लिए रुपये की जरूरत थी तो दीपक ने उनका ऋण कराने के लिए कहा। इसके लिए दीपक ने उनके जरूरी दस्तावेज व फोटो ले लिए। दो दिन बाद दीपक उनके घर आया और कहा कि उन्हें जो सामान खरीदना है, वह बता दें क्योंकि ऋण दूसरी कंपनी से होगा। इसी बीच उसने उनसे कई दस्तावेज पर उनके हस्ताक्षर करा लिए। दीपक ने इंदिरापुरम के क्रोमा सेंटर बुलाया और वहां भी कई कागजात पर हस्ताक्षर कराए। सात जुलाई 2021 को दीपक ने आरडीसी के विजय सेल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड बुलाया। वहां भी हस्ताक्षर कराए। कुछ समय बाद उनके घर पर एचडीएफसी बैंक, आईडीएफसी बैंक, एचडीबी बैंक लिमिटेड से विभिन्न सामान खरीदने का पत्र आया। जिसमें ऋण की किस्त जमा करने की बात थी। आरोप है कि दीपक ने फर्जीवाड़ा करके उनके दस्तावेज का इस्तेमाल किया है। एसीपी कविनगर रितेश त्रिपाठी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।