कूलर कारोबारी और उसके भतीजे पर हमला कर की लूटपाट
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र में दीपावली की रात(सोमवार) कूलर कारोबारी अनिल गर्ग और उनके भतीजे तुषार गर्ग पर हमला कर लूटपाट की गई। विरोध करने पर लुटेरों ने धारदार हथियार से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। आरोप है कि उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस रिपोर्ट लिखने की बजाय उन्हें टरकाने लगी। मंगलवार को व्यापारियों ने थाने पर जमकर हंगामा किया, तब पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। घायल कारोबारी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मालीवाड़ा निवासी अनिल गर्ग का कहना है कि उन्होंने सामान बेचने के लिए स्टॉल लगाया हुआ था। उनका भतीजा तुषार गर्ग भी दुकान पर था। रात करीब 11 बजे दुकान बंद करने के बाद तुषार अपने परिचितों को मिठाई बांटने गया था। कुछ देर बाद वापस लौटते वक्त प्राणगढ़ी मोहल्ले में पहुंचते ही वहां शराब पी रहे कुछ युवकों ने तुषार को रोक लिया और पैसे मांगने लगे। विरोध करने पर युवकों ने तुषार की पिटाई कर दी। तुषार ने घटना की जानकारी अपने चाचा अनिल गर्ग को दी। वह मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि पिटाई के दौरान उनकी सोने की चेन, अंगूठी और नगदी लूट ली गई।
पुलिस ने नहीं की कार्रवाई तो थाने पहुंचे व्यापारी
सूचना देने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो मंगलवार शाम व्यापारियों ने सिहानी गेट थाने पहुंचकर हंगामा कर दिया। सिहानी गेट थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राणगढ़ी निवासी कल्लू व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी हैं।