बदमाशों ने पूर्व पार्षद पर की फायरिंग, पैर में लगी गोली
गाजियाबाद। शाहपुर बम्हेटा में दीपावली की रात (सोमवार) को पूर्व पार्षद फूल कुंवर को दो बदमाशों ने गोली मार दी। गोली फूल कुंवर के सीधे पैर की जांघ में लगकर पार हो गई। फूल कुंवर ने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की तो बदमाश फरार हो गए। घायल होने के बाद वह खुद गाड़ी चलाकर फार्म हाउस के बाहर पहुंचे तो उन्हें उनका भतीजा मिल गया, उसके साथ वह पास के अस्पताल पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। उन्होंने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले को संदिग्ध बता रही है।
फूल कुंवर का कहना है कि फार्म हाउस में टहलते समय जैसे ही वह बाथरूम के पास पहुंचे तो वहीं छिपे दो बदमाश सामने आए और उन पर फायरिंग कर दी। उन्होंने बचाव में फायरिंग की तो बदमाश फार्म हाउस की दीवार फांदकर फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, सीओ कविनगर रितेश त्रिपाठी और थाना प्रभारी कविनगर अमित कुमार ने मौके पर पहुंच कर जांच की और घायल से पूछताछ की। घटना स्थल फोरेंसिंग टीम ने साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध लग रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया टीम जांच में लगी हैं। साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
छुट्टी पर गए थे सुरक्षाकर्मी
2017 में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में फूल कुंवर को एक सरकारी गनह मिला हुआ है। इसके अलावा उन्होंने खुद दो प्राइवेट गनर भी रख रखे हैं। फूल कुंवर ने पुलिस को बताया कि उनके दोनों निजी गनर छुट्टी पर थे जबकि सरकारी गनर खाना खाने के लिए गया हुआ था। फार्म हाउस में घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने मौका देखकर उनपर हमला कर दिया।