बटाई पर नहीं मिल पा रहे थे खेत तो कर दी किसान की हत्या
गाजियाबाद। खेत बटाई पर नहीं मिल पा रहे थे तो हिस्ट्रीशीटर राजीव उर्फ राजा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 17 अक्तूबर की रात सीकरी खुर्द के रहने वाले किसान राजपाल की लाठी से पीटकर हत्या की थी। राजपाल बटाई पर लिए हुए 40 बीघा खेत पर फसल की देखरेख के लिए गए थे। इसी दौरान चारों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। मामले में पुलिस ने राजीव समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है।
एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि नगला बेर भोजपुर निवासी राजीव उर्फ राजा, बब्लू उर्फ सुरेंद्र और गोपाल उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। वारदात में शामिल चिंटू उर्फ गौरव फरार है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि राजपाल ने उनके खेत के पास की जमीन को बटाई पर ले रखा था। इस कारण उन्हें खेत बटाई पर नहीं मिल पा रहे थे। खेतों को छोड़ने के लिए भी उन्होंने उससे कहा था लेकिन राजपाल नहीं माना। इस द्वेष भावना से उन्होंने उसकी हत्या करने साजिश रची।
हिस्ट्रीशीटर है राजा उर्फ राजीव
एसपी देहात ने बताया राजा उर्फ राजीव हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट के मुरादनगर, भोजपुर और धौलाना थाने में सात मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा बब्लू पर दो मुकदमे दर्ज हैं।