कंपनी खोलकर फर्जी हस्ताक्षर कर जमीन अपने नाम कराई
गाजियाबाद। पश्चिम बंगाल के उद्यमी सुशील कुमार नेवातिया की जमीन के फर्जी हस्ताक्षर करके दूसरे के नाम कराने का मामला सामने आया है। मामले में उद्यमी ने विजयनगर थाने में यूपीएसआईडीसी के अधिकारी समेत चार नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले में उन्होंने कोलकाता में शिकायत की थी जिसे गाजियाबाद भेजा गया है।
सुनील कुमार नेवातिया की कोलकाता में विकास इस्पात उघोग के नाम से फर्म है। उनका कहना है कि 1994 में उन्होंने अपने एक रिश्तेदार अनिल कुमार नेवातिया को गाजियाबाद में कंपनी का प्रबंधक बनाया था। 1997 से 2003 के बीच उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए जमीन की एक योजना आई। जिसमें उन्होंने दो प्लाट जीटी रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में लिए। उनका कहना है कि 2018 में वह गाजियाबाद आए तो पता चला कि उनके प्लाट किसी दूसरी कंपनी के नाम पर हैं जिनकी कीमत करीब पांच करोड़ रुपये है। मामले की जानकारी करने पता चला कि उन्होंने जिसे प्रबंधक बनाया था उसने उनके फर्जी हस्ताक्षर करके यह फर्जीवाड़ा किया है। उनका आरोप है कि इसमें यूपीएसआईडीसी में तैनात अधिकारी व कर्मचारियों की मिलीभगत से यह फर्जीवाड़ा हुआ है। थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक का कहना है कि अनिल नेवातिया, पीयूष, अनिता और यूपीएसआईडीसी के अधिकारी व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।