चोरी के वाहनों में शराब तस्करी करने वाले गिरफ्तार
गाजियाबाद। क्राइम ब्रांच ने चोरी के वाहनों से शराब तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मसूरी थाने के वांछित 25 हजार के इनामी बदमाश दीपांशु समेत तीन चोर और तस्करों को गिरफ्तार किया है। बदमाश लग्जरी वाहनों को चोरी करने के लिए निशाना बनाते थे और वारदात को अंजाम देते समय इंटरनेट कॉलिंग के जरिये एक दूसरे के संपर्क में रहते थे। पुलिस ने इनके पास से पांच लग्जरी कार समेत फर्जी नंबर प्लेट, वाईफाई डिवाइस और अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
सीओ क्राइम अंशू जैन ने बताया कि पकड़े गए चोर हापुड़ के बाबूगढ़ बछलौता निवासी दीपांशु, कविनगर के पंचशील कॉलोनी निवासी गौरव भाटी और पसौंडा के लक्ष्मण गार्डन निवासी निजाम हैं। इनके साथी हरियाणा के पलवल निवासी गोपाल और लोनी निवासी नूर उर्फ रिंकू फरार हैं। इनकी तलाश की जा रही है। पूछताछ में चोरों ने बताया कि वे दिल्ली एनसीआर में कॉलोनी व बाजारों में रैकी करके कारों को निशाना बनाते थे और मौका देखकर कार का लॉक तोड़कर चोरी कर लेते हैं। वहां से कुछ दूरी पर ले जाकर उसकी नंबर प्लेट बदलकर दूसरी लगा देते हैं, जिससे ट्रेस न हो सकें। इसके बाद वह कार को कबाड़ी को बेच देते थे या शराब की तस्करी करते थे।
ये हुआ बरामद
पुलिस ने इनके पास से बलिनो, वेंटो, ब्रेजा, होंडा मोबिलो, सेंट्रो कार, चार फर्जी नंबर प्लेट, लॉकिंग सिस्टम, ईसीएम, गाड़ी स्टार्ट करने का सॉकेट, लॉक खोलने के लिए मास्टर की और वाईफाई डिवाइस बरामद की है।
वारदात के समय बंद रखते थे मोबाइल
क्राइम ब्रांच प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि बदमाश चोरी की वारदात के समय अपने मोबाइल फोन बंद रखते थे और वाईफाई के जरिये व्हाट्सएप पर एक दूसरे के संपर्क में रहते थे। पूछताछ में बताया कि दिल्ली एनसीआर समेत आसपास के राज्यों में भी चोरी की वारदात को अंजाम चुके हैं। ये पिछले आठ साल से चोरी की वारदात कर रहे हैं। दीपांशु पर हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर समेत दिल्ली और हरियाणा में 22 मुकदमे दर्ज हैं।