आग से खाक हुईं झुग्गियां, डेढ़ घंटे बाद पहुंचे दमकल कर्मी
गाजियाबाद। सिहानी गांव में रविवार दोपहर झुग्गियों में आग लग गई, जिससे उसमें रखी कपड़े की कतरन व अन्य घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। लोगों का आरोप है कि दमकल कर्मियों को आने में डेढ़ घंटे का समय लगा। इससे पहले मशक्कत कर लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। इसमें किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सिहानी गांव में खाली पड़े प्लॉट में चार झुग्गियों में लोग परिवार समेत रह रहे थे। उन्होंने के घर के सामान के अलावा सिलाई के दौरान बची कपड़े की कतरन भी झुग्गियों में जमा कर रखी थीं। रविवार दोपहर अचानक शॉर्ट सर्किट से एक झुग्गी में आग लग गई। कपड़े की कतरन अधिक होने से आग फैल गई। जिससे अन्य झुग्गियां भी आग की चपेट में आ गईं। झुग्गियों के पास ही काम कर रहे लोगों ने दमकल को सूचना देकर आग को बुझाना शुरू कर दिया। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने तक लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया। गांव में जर्जर सड़कों के चलते दमकल की गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में करीब डेढ़ घंटा लग गया।