युवती को जलाने के बाद भी मुखर्जी पार्क के पास अंधेरा
गाजियाबाद। बुलंदशहर औद्योगिक एरिया में शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है। मुखर्जी पार्क के सामने बने बिजलीघर के अलावा कहीं भी रोशनी नहीं रहती है। ये तब है जब हाल ही में मुखर्जी पार्क के पास एक युवती को जलाकर दिया गया था। पुलिस बूथ और सड़कों पर अंधेरे के बीच ही फैक्टरियों में काम करने वाले लोग घरों की तरफ रुख करते हैं। सड़क पर तेज रफ्तार में गुजरते ट्रकों की लाइट ही रास्ता दिखाने का काम करती है। करीब दो हजार एकड़ में बने औद्योगिक एरिया में दो लाइट भी नहीं जलती हैं।
जीटी रोड से आरटीओ तक जाने वाले मुख्य मार्ग समेत तीन सड़कें औद्योगिक एरिया की तरफ आती हैं। इन सड़कों पर करीब 653 औद्योगिक इकाईयां हैं, जिनमें 12 हजार लोग कार्यरत हैं। इनमें तीन हजार महिलाएं काम करतीं हैं, जो बम्हैटा और लालकुआं से आती हैं। अंधेरा होने की वजह से फैक्टरी से निकलते ही महिलाओं व अन्य कामगारों के सामने सुरक्षित घर पहुंचने की चुनौती रहती है। अंधेरे के चलते महिलाएं समूह बनाकर जाने को मजबूर होती हैं। रात के अंधेरे में उन्हें हमेशा किसी हादसे का डर बना रहता है। मुखर्जी पार्क के आसपास, आरटीओ और लोहा मंडी हर जगह अंधेरा रहता है।
मुखर्जी के पास बीते महीने में अंधेरे का फायदा उठाते हुए युवती को जलाकर मार डाला गया था। अंधेरा होने की वजह से लोगों की आवाजाही कम थी। इस वजह से लोगों को घटना का पता भी नहीं चला। आसपास कोई भी युवती को जलाने की घटना का गवाह नहीं बन पाया। मौके से 50 मीटर की दूरी पर बने पुलिस बूथ पर भी न कोई पुलिसकर्मी रहता है न लाइट की व्यवस्था है। मुखर्जी पार्क के पास शाम होते ही शरारती तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं के लिए और भी मुश्किल हो जाती है।
लोहा मंडी और मुखर्जी पार्क के पास बनी सड़कों की जर्जर व्यवस्था के चलते रात के अंधेरे में आवाजाही मुश्किल हो जाती है। लोग मोबाइल की लाइट जलाकर इन जर्जर सड़कों से गुजरते हैं।
मुखर्जी पार्क के पास हुईं घटनाएं
चार अप्रैल- साइकिल से घर जा रहे युवक से रात के अंधेरे में की मारपीट
सात मई- फैक्टरी से घर जा रही महिला से बम्हैटा अंडरपास के पास पर्स लूटा
13 मई - मुखर्जी पार्क के पास स्कूटी से जा रहे युवक मोबाइल लूटा
29 जून - मुखर्जी पार्क के पास युवती को जलाकर मार डाला