कांवड़ यात्रा के लिए आज रात से शहर में हल्के वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। ऐसे में ट्रैफिक प्लान देखकर घर से निकले अगर जाम में फंस गए तो आपको परेशानी हो सकती है। आज रात 12 बजे से दूधेश्वर नाथ मंदिर की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा। इधर से जाने वाले वाहन वैकल्पिक मार्ग से होकर जाएंगे। कांवड़ मार्ग की सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी।
एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि रूट डायवर्जन के 114 प्वाइंट्स पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो यातायात को व्यवस्थित कराएंगे और लोगों को वैकल्पिक रास्तों की जानकारी देंगे। इसके अलावा गूगल मैप पर भी रूट डायवर्जन प्लान अपडेट कराया जाएगा। घर से निकलने से पहले रूट प्लान देख लें। साथ ही कांवड़ मार्ग पर आठ क्रेन रहेंगी जो किसी वाहन के खराब व अन्य समस्या होने पर मदद करेंगी।