100 फर्म खोलकर चालू खाते में मंगवाते थे ठगी की रकम
गाजियाबाद। लोन एप के जरिये ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों से पूछताछ में सामने आया कि ठगी की रकम मंगवाने के लिए गिरोह ने करीब 100 फर्म खोलकर उनके चालू खाते खुलवाए थे। ये फर्म ऑटो पार्ट्स, मोबाइल व उनके पार्ट्स के कारोबार के नाम पर खोल रखे हैं। पुलिस का कहना है कि जीएसटी विभाग को इनके फर्म की जानकारी भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है कि इन फर्मों का पंजीकरण किस आधार पर किया गया। साथ ही इनके पास से जो डेबिट व क्रेडिट कार्ड बरामद हुए हैं उनके बैंक खातों की जानकारी लेकर बैंक से भी संपर्क कर विस्तृत जानकारी ली जा रही है। बैंक अधिकारियों की मिलीभगत होने पर उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सेल प्रभारी सुमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार उस्मान, सुनील कुमार, बलराम गंगवार और फुरकान लोन एप से ठगी के गिरोह में बैंक खाते खुलवाने का काम करते थे। खाता खुलवाने के बाद वह टेलीग्राम ग्रुप पर सरगना को बैंक खाते की जानकारी देते थे। पूछताछ में आरोपियों ने गिरोह के सरगना की जानकारी नही दी है। ऐसे में मामले में जांच कर अन्य जानकारी जुटाई जा रही है। इसके बाद चारों को रिमांड पर लिया जाएगा। शातिर दो साल में करीब 1000 हजार लोगों से 500 करोड़ रुपये की ठगी कर चुके हैं। साइबर सेल प्रभारी का कहना है कि गिरोह के सरगना और अन्य लोगों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।