कारोबारी से पांच लाख की ठगी में छह महीने बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
गाजियाबाद। फर्जी आधार कार्ड और कंपनी का जीएसटी नंबर देकर ठगों ने गारमेंट कारोबारी से पांच लाख 87 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों का असली पता निकालकर जब कारोबारी ने रकम मांगी तो उनको जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट कर दी। इस मामले में पुलिस ने और भी लापरवाही बरती और छह महीने बाद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शिब्बनपुरा निवासी गारमेंट्स कारोबारी अमित कुमार की सितंबर 2021 में विक्रम एंक्लेव निवासी सिमरन उर्फ सोनिया से मुलाकात हुई थी। 20 सितंबर को सोनिया ने अपने एक साथी मोनू वर्मा के साथ उनके घर पर आकर रेडीमेड कपड़ों का ऑर्डर दिया। पांच लाख 87 हजार के 1500 ट्राउजर का माल उनके बताए पते पर भिजवा दिया गया। इस दौरान मोनू और सोनिया ने अपना आधार कार्ड और कंपनी की जीएसटी नंबर देते हुए एक सप्ताह में भुगतान करने का वादा किया। एक सप्ताह बाद भुगतान नहीं मिलने पर जीएसटी नंबर के आधार पर पता चेक किया गया तो वह शाहदरा स्थित रोहताश नगर का निकला, जो कि फर्जी था। जांच पड़ताल करने पर जब सिमरन का विक्रम एंक्लेव का पता मालूम हुआ तो वह अपनी रकम मांगने उनके घर गया, जहां अमित कुमार की पिटाई कर दी गई। पुलिस से शिकायत करने पर 15 दिसंबर को मोनू वर्मा ने उनके घर में घुसकर जमकर मारपीट की। 16 दिसंबर को अमित कुमार न्याय की गुहार लगाने के लिए सिहानी गेट थाना गए, लेकिन उनकी किसी ने नहीं सुनी। 20 दिसंबर को डाक द्वारा भी पुलिस से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। छह महीने तक पुलिस अधिकारियों के चक्कर काटने के बाद एक जून को मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।