मुठभेड़ में टॉप-10 बदमाश गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी घायल
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाने के टॉप-10 बदमाश सूरज निवासी वाल्मिकी कुंज पटेलनगर तृतीय को पुलिस ने शनिवार दोपहर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार लोहिया नगर में चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर वापस लौटने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। इसी दौरान बदमाश द्वारा की गई फायरिंग में सिपाही विनीत कुमार भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने आरोपी के पास से बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि सूरज सिहानी गेट थाने में टॉप-10 बदमाशों की सूची में भी शामिल है। सूरज पर लूटपाट, चोरी करने के सात मुकदमे दर्ज हैं।