महिला को घर से निकाल दिया तीन तलाक, रिपोर्ट दर्ज
गाजियाबाद। विजयनगर के मिर्जापुर निवासी एक महिला को ससुरालियों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया और तीन तलाक दे दिया। मामले में महिला ने अपने पति, सास-ससुर समेत देवरों पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि पुलिस से शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है।
महिला ने बताया कि एक नवंबर 2020 को उनकी शादी हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर के गांव में रहने वाले शहजाद से हुई थी। दोनों की यह दूसरी शादी थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। मांग पूरी ना होने पर वह उत्पीड़न करने लगे। महिला का कहना है कि अगस्त 2021 में उनके दो देवरों ने उनके साथ अश्लीलता की और कपड़े फाड़ दिए। उनकी मां ने ससुरालियों को समझाने का प्रयास किया लेकिन ससुराल पक्ष के लोग नहीं माने और उन्हें घर से निकाल दिया। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घर से निकालकर दिया तीन तलाक
महिला का कहना है कि 11 नवंबर 2021 रात ससुराल पक्ष के लोग उसके घर आए और उनके पति ने तीन बार तलाक कहते हुए तलाक दे दिया। साथ ही आगे से कोई रिश्ता नहीं रहने की बात कही। आरोप है कि उनके पति ने अपनी पहली पत्नी को भी तलाक नहीं दिया है। धोखा देकर उन्होंने उनसे शादी की है।