मुठभेड़ में वाहन चोर गिरफ्तार
लोनी। निठौरा रोड अंडरपास से पुलिस ने शुक्रवार रात हुई मुठभेड़ के बाद शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने के बाद घायल दिल्ली नंद नगरी निवासी कमल उर्फ कुणाल को गिरफ्तार किया गया। इलाज के लिए पुलिस ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधीक्षक देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि आरोपी कई वाहन चोरी और चेन लूट की वारदात को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट और वाहन चोरी के 17 मुकदमे दर्ज हैं। लोनी पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर पुलिस कमल से पूछताछ करेगी। कमल से चोरी की मोटरसाइकिल और दो कारतूस के अलावा 315 बोर का तमंचा बरामद किया है।