गाजियाबाद। अधिकारी बनकर दुकानों पर छापा मारकर नकली माल बताकर वसूली करने तीन लोगों को सिहानी गेट पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। जो अलग-अलग कंपनियों पत्र दिखाकर दुकानों पर जाकर उसी के माल से संबंधित कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों को नकली माल बेचने के नाम पर धमकाते हैं। इसके बाद जुर्माना लगाने के नाम पर 10 से 20 हजार रुपये लेते थे।
सीओ द्वितीय आलोक दुबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी डबरु आनंद निवासी नोएडा एक्सटेंशन, संजीव कुमार निवासी सेक्टर-7 पंचकूला हरियाणा और उमेश बंसल निवासी खेकड़ा बागपत हैं। सीओ ने बताया कि चेकिंग के दौरान तीनों लोग ऊंची आवाज में बात करने लगे। मौके पर इनकी तलाशी ली गई तो इनके पास से कई संदिग्ध दस्तावेज मिले। ऐसे में पुलिस इन्हें थाने ले आई जहां सख्ती से पूछताछ की गई तो पता चला ये लोग फर्जी अधिकारी बनकर लोगों से वसूली करते हैं। पुलिस ने इनके पास से अलग-अलग कंपनियों से फर्जी अथॉरिटी लेटर, फर्जी आधार कार्ड और 33 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
पांच साल से कर रहे वसूली
सीओ ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि ये लोग पहले एक कंपनी में नौकरी करते थे तभी से इन तीनों की मुलाकात है। ज्यादा रुपये कमाने के लालच में इन्होंने इस तरह से लोगों से वसूली करने की साजिश रची। पिछले पांच साल ये लोग इस तरह से वसूली कर रहे हैं।