फर्जी टैक्स पेपर के साथ स्क्रैप बेचने वाले दो गिरफ्तार
गाजियाबाद। पुलिस ने कंस्ट्रक्शन साइट से स्क्रैप खरीदकर उसे फर्जी टैक्स पेपर बनाकर बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 5 टन स्क्रैप के साथ ट्रक भी बरामद किया है। पकड़े गए शातिरों से पूछताछ के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। विजय नगर के सिद्धार्थ विहार में गश्त के दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक को रोककर उनसे टैक्स पेपर मांगे, जो जांच करने पर फर्जी पाए गए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए शातिरों की पहचान दिल्ली के करावल नगर निवासी रामगोपाल और सोनिया विहार निवासी सुभाष चंद्र के रूप में हुई है। रामगोपाल चालक है और सुभाष चंद्र ट्रांसपोर्टर है। यह दोनों मीणा नाम के व्यक्ति से फर्जी बिल बनवाकर कर चोरी करते थे। इसके लिए मीणा को 50 पैसे प्रति किलोग्राम की कमीशन देते थे। विजय नगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि गैंग में कई अन्य लोग भी जुड़े हैं। ये लोग किन-किन जगहों से स्क्रैप उठाते थे, इसकी जांच की जा रही है। जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।