किराये पर घर लेने के नाम महिला से ठगे 1.3 लाख रुपये
गाजियाबाद। विजय नगर में किराये पर मकान लेने के नाम पर शातिरों ने मीना कुमारी से एक लाख तीन हजार रुपये ठग लिए। महिला ने ओएलएक्स पर अपने घर को किराये पर देने का विज्ञापन दिया था। मीना कुमारी ने बताया कि जालसाज ने खुद को आर्मी में बताते हुए अपना नाम संजय सिंह बताया। साथ ही अपने दोस्त दीपक कुमार के साथ रहने के लिए घर को किराए पर लेने की बात कही। 30 जनवरी को उसने महिला से बात कर उसे पूरे महीने का एडवांस देने की बात कहते हुए झांसे में ले लिया। उसने महिला को एक क्यूआर कोड भेजकर उसे स्कैन कर उसके बैंक अकाउंट में एक रुपया भेजने को कहा। महिला द्वारा 1 रुपया भेजते ही उसके खाते से ठग ने चार बार में 25-25 हजार रुपये और पांचवी बार में 3 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी का एहसास होने पर महिला ने आरोपी के फोन पर कॉल किया तो नंबर बंद मिला। जिसके बाद महिला ने रिपोर्ट दर्ज करा मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।