कार से टक्कर लगने पर बाइक सवार युवक की मौत
गाजियाबाद। गोविंदपुरम निवासी नितिन कुमार अपने चचेरे भाई आशित के साथ ऑफिस से नाइट शिफ्ट पूरी करके वापस लौट रहा था। इसी दौरान विजयनगर बाईपास फ्लाईओवर के पास कार की बाइक में टक्कर लगने से गिर गए और हादसे में आशित गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि नितिन की मौत हो गई। मामले में परिजनों ने कार नंबर के आधार पर विजयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आदित्य वर्ल्ड सिटी कविनगर निवासी कपिल कुमार का कहना है कि उनका भाई नितिन कुमार नोएडा में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। 21 मार्च की रात वह चचेरे भाई आशित के साथ घर जा रहा था। विजयनगर में डीपीएस फ्लाईओवर के पास कार की टक्कर लगने से दोनों बाइक से गिर गए। पास से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उनके भाई को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने नितिन को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार के बाद रिपोर्ट दर्ज कराई है। विजयनगर थाना प्रभारी योगेंद्र मलिक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। कार नंबर के आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।