टीकाकरण को प्रोत्साहित करने के लिए उठाया जा रहा कदम
माई सिटी रिपोर्टर
गाजियाबाद। कोरोना से बचाव के लिए लोगों में टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए वही लाभार्थी पात्र माने जाएंगे जो तीन अप्रैल तक वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। जिलाधिकारी ने बताया कमेटी की देखरेख में लाथार्थियों को पुरस्कृत करने के लिए सात अप्रैल को लकी ड्रॉ निकाला जाएगा।
सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि सात अप्रैल को लकी ड्रॉ निकाले जाने के दौरान लाभार्थियों को संपूर्ण कोविड टीकाकरण यानी दोनों खुराक लेने के लाभ बताए जाएंगे। टीके की दोनों खुराक न लगने पर होने वाले नुकसान के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ टीकाकरण के प्रति लोगों में जागरूकता लाना भी है। सीएमओ ने अपील की है कि 45 वर्ष तक के सभी लोग अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र जाकर टीका जरूर लगवाएं। सीएमओ ने कहा कि सभी सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर कोविड का टीका निशुल्क लगाया जा रहा है। आप यदि निजी अस्पताल में टीकाकरण कराना चाहते हैं तो वहां 250 रुपये के भुगतान पर टीका लगाया जा रहा है। कोविड वैक्सीन के दोबारा हो रहे फैलाव को देखते हुए टीकाकरण की गति तेज करने के लिए सरकार की ओर से रोजाना टीकाकरण के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि शासन की गाइडलाइन के मुताबिक लकी ड्रॉ में शामिल होने वाले लाभार्थियों की सूची फाइनल कर ली गई है। लाभार्थियों का नाम शामिल करके किसी बच्चे के हाथों लकी ड्रॉ निकाला जाएगा। छह लकी विजेता लाभार्थियों को दो-दो हजार रुपये का पुरस्कार 10 अप्रैल को प्रदान किया जाएगा। विजेताओं को टेलीफोन से पुरस्कार प्राप्त करने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।