जिले में कोरोना से दो लोगों की गई जान, आंकड़ों में शामिल नहीं
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण फिर से पांव पसारने लगा है। बीते आठ दिन में दो लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है। इनका अंतिम संस्कार हिंडन मोक्ष स्थली पर किया गया और वहां के रिकार्ड में दोनों का नाम दर्ज हैं, लेकिन लेकिन दोनों ही मामले सरकारी आंकड़ों से गायब है। सरकारी अधिकारी कोरोना संक्रमण से हुई मौतों के आंकड़ों को छिपा रहे हैं।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में जिले में संक्रमित लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी है। जिले में करीब 27 हजार लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं और मौजूदा समय में करीब 350 से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। सरकारी आंकड़ों की मानें तो अभी तक 102 लोगों की कोरोना संक्रमण की वजह से मौत हो चुकी है। हालांकि इन आंकड़ों के अलावा भी कोरोना संक्रमण से मौतें हुई हैं, लेकिन इन मौत को सरकारी रिकार्ड में शामिल नहीं किया गया है। शहर के प्राइवेट अस्पतालों में इलाज के दौरान बीते आठ दिन में एक युवक और एक महिला की मौत हो चुकी हैं। इन दोनों का ही अंतिम संस्कार हिंडन श्मशान घाट पर किया गया है। शहर के नामचीन अस्पतालों में हुई इन मौत को स्वास्थ्य विभाग ने दर्ज नहीं किया है। मौत के आंकड़ों को कम दर्शाने, या फिर किसी और वजह के कारण से इन दोनों लोगों की मौत से स्वास्थ्य विभाग इनकार कर रहा है।
हिंडन मोक्ष स्थली से भी सूचनाएं नहीं ले रहा विभाग
स्वास्थ्य विभाग मृतकों के आंकड़ों को किस तरह से मैनेज कर रहा है, इसका ताजा उदाहरण है कि स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के दफ्तर से चंद किमी की दूूरी पर बने श्मशान घाट से भी अधिकारी अंतिम संस्कार के आंकड़े नहीं ले रहा है। यह हाल तब है जब जिले के ही अस्पतालों में इन मरीजों का इलाज हो रहा था और दोनों मृतक गाजियाबाद के ही रहने वाले थे।
-----
मृतकों में एक सिकरोड का, दूसरी महिला का वैशाली में चल रहा था इलाज
कोरोना संक्रमण की वजह से हुई मौत के बाद सिकरोड के रहने वाले एक 30 वर्षीय युवक का अंतिम संस्कार 26 मार्च को हिंडन मोक्ष स्थली में हुआ था। इसके दो दिन बाद 28 मार्च को एक महिला का अंतिम संस्कार किया गया। महिला का कोरोना का इलाज वैशाली के एक नामचीन अस्पताल में चल रहा था। हिंडन मोक्ष स्थली के रिकॉर्ड में दोनों का ब्योरा दर्ज है और इनका अंतिम संस्कार कोरोना संक्रमित शवों के लिए अलग बनाए गए प्लेटफार्म पर एहतियात के साथ कराया गया।
------
कोट
हिंडन मोक्ष स्थली पर व्यवस्था संभालने वाले राजेश शर्मा का कहना है कि बीती 26 और 28 मार्च को कोरोना से संक्रमित दो शवों का अंतिम संस्कार हिंडन मोक्ष स्थली में कराया गया है। करीब दो माह बाद कोरोना से संक्रमित मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया है।
वर्जन ...
कोरोना से जिले में अब तक 102 लोगों की मौत हुई है। बीते सप्ताह कोरोना संक्रमण की वजह से दो लोगों की मौत की जानकारी नहीं है। उनकी जानकारी कराई जाएगी। - डॉ. एनके गुप्ता, सीएमओ