गाजियाबाद स्थित साहिबाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अभयखण्ड तीन के रहने इंजीनियर(अभियंता) को शनि बाजार में सब्जी खरीदने जाना महंगा पड़ गया। सब्जी खरीदते समय चोरों ने करीब 65 हजार रुपये कीमत का एपल आईफोन 13 चोरी कर लिया। इंजीनियर ने इंदिरापुरम थाने में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलम एस्टेट मॉड्यूल 10 सोसायटी निवासी कुलदीप नारायण दीक्षित एक टेलिकॉम कंपनी में इंजीनियर हैं। उन्होंने बताया कि शनि बाजार में पत्नी और बेटे के साथ सब्जियां खरीदने गए थे। सब्जी लेने के दौरान मोबाइल जेब में रखकर सब्जीवाले को पैसे देने लगे। बचे पैसे लेने और गिनने के बाद जैसे ही जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब था। उन्होंने पत्नी और बेटे से मोबाइल जेब से निकालने के बारे में पूछा, लेकिन दोनों में से किसी ने भी मोबाइल नहीं लिया था। उन्होंने पत्नी के मोबाइल से फोन किया तो घंटी जा रही थी, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इससे उनको मोबाइल चोरी होने का आभास हुआ।
चौराहे पर तैनात पुलिस को दी चोरी की सूचना
मोबाइल नहीं मिलने पर कुलदीप ने चौराहे पर गाड़ी में तैनात पुलिस को मोबाइल चोरी की सूचना दी। पुलिस के फोन करने पर मोबाइल स्विचऑफ होना बताने लगा। पुलिस ने कुलदीप को अभयखण्ड चौकी व थाने जाने को बोला। कुलदीप ने इंदिरापुरम थाने जाकर मोबाइल चोरी की तहरीर दी। वहीं कौशांबी चौकी में दो मोबाइल पकड़े जाने पर तस्दीक की लेकिन दोनों में से कोई भी मोबाइल उनका नहीं निकला।
साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल चोरी ज्यादा
जनपद में वर्ष 2022 में 1221, वर्ष 2021 में 1162 व वर्ष 2020 में 484 चोरी के मामले दर्ज हुए। इनमें सबसे ज्यादा मामले मोबाइल चोरी के रहे। सबसे ज्यादा मोबाइल चोरी साप्ताहिक बाजार में भीड़भाड़ के दौरान होती हैं। चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर भाग जाते हैं।