उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में चेकिंग के दौरान बचकर भागते समय पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान तीन के पैर में पुलिस की गोली लगी। बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद हुई है।
टीलामोड़ और साहिबाबाद इलाके में मोबाइल और चेन स्नेचरों के बीच सोमवार रात हुई मुठभेड़ में तीन बदमाशों के गोली लगी है। वहीं पुलिस ने पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से तमंचे, कारतूस और नकदी बरामद की है। साहिबाबाद रेलवे स्टेशन फुट ओवर ब्रिज के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक सवार पुलिस को देखकर भागे तो पुलिस ने रोकने के लिए पीछा किया।
विज्ञापन
इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी तब उन्हें पकड़ा जा सका। गिरफ्तार हुए मुजफ्फर नगर के बुगाड़ा कलां निवासी आकाश और मेरठ के हसनपुर रजापुर निवासी अनीत के खिलाफ लूट, स्नैचिंग, चोरी व गैंगस्टर एक्ट में दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरी मुठभेड़ टीलामोड़ थानाक्षेत्र में हुई।
कोयल एन्कलेव ग्राउंड के सामने बस अड्डे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पुलिस से बचकर भागते समय ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस की तरफ से हुई फायरिंग में बाइक चालक बदमाश सचिन उर्फ सुक्का के पैर में गोली लगी तो बदमाशों की बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन
बागपत निवासी सचिन उर्फ सुक्का के अलावा ट्रोनिका सिटी गाजियाबाद निवासी किशोर ठाकुर, अंबेडकर नगर स्थित जेजे कॉलोनी निवासी मनोज उर्फ चावल को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ तीन दर्जन से ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील ने बताया कि घायल बदमाशों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। वहीं बाकी लोगों से पूछताछ चल रही है।