कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर गाजियाबाद को पांच जोन में बांटा गया है। इन सभी पांचों जोन में पुलिस के साथ ही सिविल डिफेंस के वालंटियर भी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करेंगे।
बृहस्पतिवार को एसएसपी ने सिविल डिफेंस पदाधिकारियों के साथ बैठक की। हिंदी भवन में आयोजित बैठक में एसएसपी केएस इमेनुएल ने प्रशासनिक अधिकारियों और सिविल डिफेंस पदाधिकारियों को आवश्यक टिप्स दिए।
बैठक में मौजूद एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल ने बताया कि गाजियाबाद को पांच डिवीजन में बांटा गया है जो टाउन हॉल, कोतवाली, राजेंद्र नगर, मोदीनगर और साहिबाबाद हैं। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान महिला कांवड़ियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता होगा।
इसके लिए उन्होंने सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं से कहा कि महिला वालंटियर्स इस बात पर विशेष ध्यान दें। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान 650 से अधिक सिविल डिफेंस के वालंटियर्स पूरे गाजियाबाद मे तैनात रहेंगे।
शहर में राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, मेरठ तिराहा, मोहन नगर चौराहा और दूधेश्वरनाथ मंदिर पर कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। हर कंट्रोल रूम पर 25 वालंटियर्स की संख्या में चार टीमें कार्य करेंगी। मोहन नगर और राजनगर एक्सटेंशन कैंप को वाटर प्रूफ बनाया जाएगा।
इस बार अलग ड्रेस में होंगे वालंटियर्स और सिविल पुलिसकर्मी
चीफ वार्डन ललित जायसवाल ने कहा कि इस बार वालंटियर्स सफेद टी-शर्ट और टोपी के साथ ही हरे रंग की जैकेट पहनेंगे। सभी वालंटियर्स को वाहन पास भी दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों के लिए भी इस बार एक फ्लोसिट जैकेट तैयार कराई जा रही है।
बैठक में एडीएम सिटी प्रीति जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह, एसपी सिटी सलमान ताज, एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार, चीफ वार्डन ललित जायसवाल, सभी सीओ और थाना प्रभारियों ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए सुझाव दिए। साथ ही पुलिस की मदद के लिए सिविल डिफेंस ने पिछले साल की सफल यात्रा की बनाई गई सीडी भी अधिकारियों को दिखाई।
व्हाट्स एप ग्रुप से भी की जाएंगी कांवड़ियों की सुरक्षा
एसएसपी ने कहा कि सिविल डिफेंस के वालंटियर्स एक व्हाट्स एप ग्रुप बनाए। इस ग्रुप में उन्हें भी ऐड कर हर संवेदनशील व्यक्ति और हर पल की जानकारी के बारे में अवगत कराएं। एसएसपी ने अपना व्हाट्स एप नंबर 9643322900 भी जारी किया।