एनएच-24 से एनएच-58 को जोड़ने वाली लिंक रोड के लिए स्पैन डालने के काम ने शनिवार को दिल्ली-गाजियाबाद के बीच ट्रेनों का संचालन रोक दिया। रात 11:40 बजे लिया गया ट्रैफिक ब्लॉक सुबह चार बजे की बजाय 10:10 बजे तक खिंच गया। इस दौरान दिल्ली से गाजियाबाद, मुरादाबाद, अलीगढ़, और मेरठ रूट का ट्रैफिक अप और डाउन दोनों लाइन पर ठप हो गया। 31 मेल/एक्सप्रेस और 15 ईएमयू समेत 50 ट्रेनें बीच रास्ते रोक दी गईं।
अप लाइन पर सुबह पौने नौ बजे तो डाउन लाइन पर सुबह 10:10 बजे ट्रेनों का संचालन शुरू हो पाया।
दरअसल, हिंडन नदी के पास निर्माणाधीन लिंक रोड पर रेलवे ने शुक्रवार रात 11:40 बजे से शनिवार तड़के 4 बजे तक ब्लॉक लिया था। इस दौरान रेलवे लाइन के ऊपरी हिस्से पर लिंक रोड के लिए एक स्पैन रखा जाना था। रेलवे के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट ने एक की बजाय दो स्पैन रख दिए। इसके चलते ब्लॉक का समय लंबा खिंच गया। दिल्ली-गाजियाबाद के बीच अप और डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही थम गई।
सुबह के वक्त दिल्ली, नई दिल्ली और निजामुद्दीन की ओर जाने वाली ट्रेनों की संख्या ज्यादा होने की वजह से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। मुरादाबाद, मेरठ और अलीगढ़ की ओर से दिल्ली जाने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को दुहाई, गुलधर, महरौली, मारीपत, चिपियाना और गाजियाबाद आउटर पर रोक दिया गया। सुबह के वक्त दिल्ली की ओर जाने वाली 15 ईएमयू भी समय से नहीं चल सकी। सुबह करीब 8:45 बजे दिल्ली जाने वाली लाइन चालू होने के बाद ट्रेनों को एक-एक कर रवाना किया गया। दिल्ली से गाजियाबाद की ओर जाने वाली लाइन पर ट्रेनों का संचालन 10:10 बजे के बाद शुरू हो सका।
इस दौरान बीच रास्ते रोकी गई ट्रेनों के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई घंटे की देरी से ट्रेनें अपने गंतव्य तक पहुंचीं।
...
बंथला फाटक पर फंसा ट्रॉला, 9 घंटे बंद रहा रेल रूट
- दिल्ली-सहारनपुर रेल रूट पर अप-डाउन ट्रेनें रहीं प्रभावित
अमर उजाला ब्यूरो
लोनी। बंथला फाटक पर शनिवार सुबह ट्रॉला रेलवे ट्रैक पर फंसने से दिल्ली-सहारनपुर रेल रूट बंद हो गया। इसी बीच अप और डाउन लाइन की गाड़ियां प्रभावित हुईं। नौ घंटे की मशक्कत के बाद रेलवे कर्मचारी ट्रॉले को हटा सके। टॉला फंसने से फाटक के दोनों ओर जाम लग गया। दैनिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
सुबह करीब छह बजे लोनी तिराहे से एक ट्रॉला गाजियाबाद की ओर जा रहा था। बंथला फाटक पर ट्रैक के पास उसका पहिया मिट्टी में धंस गया।
इससे फाटक खुला रहा गया, लेकिन दोनों ओर लंबा जाम लग गया। सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस पहुंची और किसी तरह जाम खुलवाकर ट्रैफिक को धीरे-धीरे गुजारा। क्रेन मंगाकर ट्रॉले को निकालने की प्रक्रिया शुरू की। दोपहर करीब तीन बजे ट्रॉले को हटाया जा सका। स्टेशन अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि रूट पर चलने वाली ट्रेनों को बेहटा हाजीपुर और शाहदरा स्टेशन पर रोका गया था। रेलवे फाटक पर यातायात हटने पर ही ट्रेनों को गुजारा गया।