फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भड़काऊ वीडियो के आरोपी उम्मेद को भेजा

विज्ञापन
लोनी में बुजुर्ग की दाढ़ी काटने वाले मामले में कोर्ट में पेश हुआ आरोपी उम्मेद पहलवान। - फोटो : GHAZIABAD City
विज्ञापन
भड़काऊ वीडियो के आरोपी उम्मेद को भेजा
विज्ञापन

जेल अब पुलिस को साथियों की तलाश
गाजियाबाद। फेसबुक पर भड़काऊ वीडियो को लाइव करने के आरोपी उम्मेद पहलवान इदरीसी को पुलिस ने रविवार दोपहर कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश किया। उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस को अब उसके उन साथियों की तलाश है जिन्होंने साजिश का ताना-बाना तैयार करने में उसकी मदद की। बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर और नई दिल्ली के वे लोग भी चिन्हित किे जा रहे हैं जिन्होंने उसके फरार रहने के दौरान उसे शरण दी। कुल दस से ज्यादा लोगों की सूची पुलिस तैयार कर चुकी है।
लोनी निवासी उम्मेद पर आरोप है कि उसने बुलंदशहर के बुजुर्ग तांत्रिक अब्दुल समद के साथ हुई मारपीट और दाढ़ी काटने की घटना को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। इसके पीछे उसका मकसद सियासी फायदा लेने का था। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि उम्मेद ने कई बार बयान बदले। पहले कह रहा था कि उसने जो कुछ भी किया, समद के कहने पर किया। इसके बाद बोला, उसका इरादा सिर्फ मामले को सनसनीखेज बनाने का था। एक बार यह भी कहा कि उसने कुछ गलत नहीं किया है। सख्ती से पूछताछ होने पर उसने साजिश के रहस्य से पर्दा उठाया। उसने इस घटना में कुछ लोगों की मदद मिलने की बात बताई है। इसे तसदीक किया जा रहा है।
विज्ञापन

भेद खुलने के डर से उम्मेद ने तांत्रिक को 13 दिनों तक रखा अपने साथ
- बुजुर्ग को अकेला नहीं छोड़ा, गिरफ्तारी के बाद कबूला सच
संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी। उम्मेद पहलवान ने फेसबुक लाइव पर झूठ बोल तो दिया लेकिन इसके बाद से ही उसे डर लग रहा था कि कहीं उसका भेद न खुल जाए। इसी डर में उसने दाढ़ी काटे जाने के मामले में पीड़ित अब्दुल समद का साथ नहीं छोड़ा। पहले उसे अपने घर में ही रखा। इसके बाद उसके साथ ही बुलंदशहर और फिर दिल्ली गया। गिरफ्तारी से कुछ देर पहले ही वह उससे और उसके बेटे से अलग हुआ। उसने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसकी सारी चिंता यही थी कि अगर समद से सख्ती से पूछताछ हो गई तो खेल बिगड़ने में जरा भी देर नहीं लगेगी।
ताबीज का असर उलटा होने पर 5 जून को बुजुर्ग अब्दुल समद के साथ प्रवेश गुर्जर ने 10 साथियों के साथ मिलकर रामविहार कॉलोनी में मारपीट और दाढ़ी काटने की घटना की थी। मामले को मजहबी रंग देने के लिए आरोपी उम्मेद पहलवान ने अपने घर लक्ष्मी गार्डन से फेसबुक लाइव कर दुनिया के सामने बुजुर्ग के साथ हुई मारपीट को दूसरा रूप दे दिया। 7 जून से अब्दुल समद और उम्मेद पहलवान एक साथ थे। मामले में पहला फेसबुक लाइव आने के बाद उम्मेद पहलवान ने बुधवार को बुजुर्ग के साथ दोबारा फेसबुक लाइव आने की घोषणा की थी। इन दिनों उम्मेद पहलवान ने अब्दुल समद को अपने साथ ही रखा। दूसरी फेसबुक लाइव और बुधवार को उम्मेद पहलवान पर रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी ने अब्दुल समद और उसके बेटे को अपनी कार में बैठा लिया। वह दोनों को अपने साथ दिल्ली, नोएडा समेत अन्य स्थानों पर लेकर छिपता रहा। इस दौरान वह दोनों को कहता रहा कि कुछ नहीं होगा, मैंने तुम्हारा साथ दिया, तुम मेरा साथ दो। दोनों आरोपी की बातों में भी आ गए। आरोपी अपने फोन से व्हाट्सएप कॉल कर बुजुर्ग को उसके परिजनों से भी बात कराता रहा, लेकिन किसी को नहीं बताया कि वह कहां है। शनिवार को पुलिस ने जब आरोपी को गिरफ्तार किया तो वह अकेला था। इससे पहले ही आरोपी ने दोनों किसी स्थान पर छोड़ दिया था। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा ने बताया कि आरोपी ने बुजुर्ग और उसके बेटे को अपनी कार में लेकर घूमता रहा। उसको डर था कि पुलिस उनसे सच उगलवा लेगी।
साहिबाबाद के एक पार्षद ने उम्मेद का दिया था साथ
- दाढ़ी कटने के बाद पीड़ित बुजुर्ग को उम्मेद से पार्षद ने मिलवाया था
- फरार होने के बाद भी पार्षद उम्मेद से संपर्क में था
संवाद न्यूज एजेंसी
लोनी। बुजुर्ग अब्दुल समद के साथ मारपीट और दाढ़ी कटने का बाद वह साहिबाबाद के एक पार्षद के पास पहुंचा था। बुजुर्ग पार्षद के जान-पहचान का था। पार्षद ने उम्मेद पहलवान को बुजुर्ग से मिलवाया और मदद करने को कहा। उम्मेद ने मदद के नाम पर अपनी राजनीति चमकाने का जरिया बनाया और ताबीज की बात को पलटकर दूसरा रूप दे दिया।
उम्मेद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने पूछताछ शुरू की। पहले तो आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करने लगा। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने पार्षद की पहचान कर ली है। पार्षद से भी पूछताछ की जाएगी।
व्हाट्स एप चैट डिलीट की, फोरेंसिक जांच से खुलेगा राज
उम्मेद व्हाट्स एप कॉलिंग के जरिए बात करता था। साथ ही व्हाट्स एप चैटिंग के बाद इसे डिलीट कर देता था। भड़काऊ वीडियो फेसबुक पर लाइव करने से पहले और बाद में उसने कई लोगों के साथ चैट की थी। ये सब डिलीट कर दी। पुलिस उसका मोबाइल विधि विज्ञान प्रयोगशाला में भेजेगी। वहां से डिलीट किया गया डाटा रिकवर हो जाने पर आगे की पड़ताल की जाएगी। इससे उन लोगों के नाम और पते मिल सकेंगे जिनके वह लगातार संपर्क में रहा है। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि अभी तक भड़काऊ वीडियो के मामले में केवल उम्मेद ही आरोपी है, लेकिन कई और लोगों केनाम सामने आ रहे हैं। जल्द ही इन लोगों को आरोपी बनाकर इनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
विज्ञापन

उम्मेद का वकील बोला, जालसाजी की धारा लगाना गलत
गाजियाबाद। उम्मेद पहलवान के अधिवक्ता अनीश चौधरी ने कोर्ट में कहा कि पुलिस ने इस मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी की धाराएं लगाई हैं, यह सही नहीं है। धोखाधड़ी अभिलेखों में होती है, इस मामले में ऐसा नहीं हुआ। उस पर वीडियो साझा करने का आरोप है। ऐसे में धोखाधड़ी की धाराएं बनती ही नहीं हैं। पुलिस ने कोर्ट से रिमांड भी नहीं मांगी है। इसका मतलब साफ है कि पुलिस पूछताछ पूरी कर चुकी है। उसे अब उम्मेद से पूछताछ की आवश्यकता नहीं है। इस पर पुलिस का का कहना है कि धाराएं अपराध के हिसाब से ही लगाई गई हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें