हाईटेक चोर की पहचान के लिए सिर्फ फुटेज का सहारा
गाजियाबाद। नंदग्राम स्थित एटीएम से नए तरीके से 17.20 लाख रुपये चुराने की घटना को लेकर लोग हैरत में हैं। पुलिस अभी तक आरोपी को पकड़ना तो दूर उसके बारे में कोई सुधार नहीं कर सकी है। आरोपी को ट्रेस करने के लिए पुलिस के पास एकमात्र जरिया एटीएम बूथ की सीसीटीवी फुटेज है। अपने मुखबिर तंत्र के जरिये पुलिस फुटेज में कैद आरोपी की पहचान करने में जुटी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच व साइबर सेल को भी घटना के खुलासे में लगा दिया है।
एटीएम से रकम चोरी करने के इस नए तरीके को लेकर पुलिस से बैंक अधिकारी तक सकते में हैं। मशीन से छेड़छाड़ व कार्ड का इस्तेमाल किए बिना रकम निकल सकती है, यह बात आसानी से गले नहीं उतर रही, लेकिन एटीएम बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे में सारी घटना कैद हो गई, जिसमें एक आरोपी मोबाइल को ऑपरेट कर रहा है और बटन दबाते ही एटीएम से पैसे निकल रहे हैं। तीन घंटे में 17 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए गए, जो कि अपने आप में बड़ी रकम है। एसपी सिटी निपुण अग्रवाल का कहना है कि संभवत: किसी सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल कर एटीएम को हैक किया गया है सीसीटीवी कैमरे में कैद आरोपी को ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही आसपास और संपर्क मार्गों पर लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। घटना के खुलासे में नंदग्राम पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच व साइबर सेल को भी लगाया गया है।
पकड़ा नहीं गया तो खाली हो सकते हैं कई एटीएम
बैंक अफसरों का कहना है कि घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति तकनीकी कुशल व साइबर एक्सपर्ट है। जब वह एक एटीएम को हैक कर रकम निकाल सकता है तो अन्य एटीएम को भी खाली कर सकता है। अगर वह जल्दी नहीं पकड़ा गया तो नंदग्राम जैसी घटनाएं अन्य स्थानों पर भी हो सकती हैं। ऐसे में उसका जल्द पकड़ा जाना बेहद जरूरी है।
यह था मामला
विजयनगर थानाक्षेत्र के प्रताप विहार निवासी हयात अली हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मैनेजर हैं। उनकी कंपनी विभिन्न बैंकों के एटीएम का रखरखाव करती है। नंदग्राम सी-ब्लॉक के मैन मार्केट में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम का रखरखाव भी उन्हीं की कंपनी द्वारा किया जाता है। हयात अली के मुताबिक, इस एटीएम से 17 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। फुटेज देखने पर पता चला कि एक व्यक्ति मोबाइल के जरिये एटीएम को ऑपरेट कर रहा था और मशीन से पैसे निकलते जा रहे थे।