वसुंधरा पुलिस चौकी पर घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
- फोटो : संवाद
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना इलाके के वसुंधरा पुलिस चौकी धमाके की जांच में अब नया तथ्य सामने आया है। सोशल मीडिया पर धमाके की जिम्मेदारी लेने के लिए आतंकवादी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान की ओर वायरल की गई ऑडियो की आवाज एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) बेस्ड होने की बात जांच में सामने आई है।
शुरुआती जांच में ऑडियो के कृत्रिम तरीके से तैयार किया गया है। ऐसे में जांच एजेंसियां अब इस ऑडियो के पीछे की मंशा, इसे तैयार करने वाले और सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं कि कहीं ऑडियो के जरिये जांच को भटकाने की कोशिश तो नहीं की गई।
6 नवंबर की रात करीब 10 बजे वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका हुआ था। घटना के अगले दिन सात नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'गाजी-2' नाम के अकाउंट से एक पोस्ट और वीडियो साझा किया गया था। इसमें आतंकवादी संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था।
इसके साथ ही जिम्मेदारी लेने के संबंध में एक ऑडियो भी प्रसारित की गई थी। जांच में इस ऑडियो की आवाज एआई बेस्ड होने की बात सामने आने के बाद एजेंसियों का शक गहरा गया है। हालांकि ऑडियो को किसने तैयार किया और इसके पीछे किसका नेटवर्क है, इसकी पुष्टि होना अभी बाकी है।
एडिशनल कमिश्नर राज करन नय्यर ने बताया कि आरोपियों ने एआई ऑडियो बनाकर वीडियो में वायरल किया था।
विदेश से अकाउंट व वीडियो प्रसारित होने की भी जांच : जांच एजेंसियां सोशल मीडिया पोस्ट के स्रोत और उसके प्रसार की कड़ी जोड़ने में जुटी हैं। यूपी एटीएस की जांच में एक्स अकाउंट के यूके से बनाए जाने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, वीडियो कनाडा या किसी अन्य देश से अपलोड किए जाने की आशंका जताई गई थी। एजेंसियां वीपीएन का भी पता लगाने में लगी हुई हैं।