रश्मि ओझा गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए विदेशों की तर्ज पर अब अपने जिले में भी टेली औषधि की शुरूआत हो रही है। इससे गंभीर रोगों के मरीजों को घर बैठे ही चिकित्सीय परामर्श मिल सकेगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने कोरोना संक्रमण को रोकने और घर बैठे ही रोगों के उपचार के लिए टेली औषधि ऐप विकसित किया है। यह ऐप स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को ज़रूरतमन्द तक सूचना प्रणाली के माध्यम से पहुंचाने का काम करेगा। अभी यह तकनीक देश में बहुत कम प्रयोग में है। कोविड-19 को देखते हुए यह आवश्यक है कि इस तकनीक को प्रयोग में लाया जाए। इसके तकनीक के प्रयोग में लाने से कोविड-19 के संक्रमण की गति रोकने में भी मदद मिलेगी। इस ऐप के द्वारा मामूली रोगों के उपचार के लिए मरीज को अस्पताल के चक्कर नहीं काटने पड़ेगे। इससे कोविड-19 जैसे संक्रमण को फैलने से रोका जा सकेगा और इसके संक्रमण पर लगाम लगाई जा सकेगी। इसी को लेकर ज़िला प्रशासन गाजियाबाद ने पहल करते हुए इस टेली औषधि एप को विकसित किया है।सीडीओ अस्मिता लाल ने बताया कि इस एप के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में कार्यरत चिकित्सक सुविधानुसार शहरी व ग्रामीण दोनों नागरिकों को इलाज़ व औषधि उपलब्ध करा सकता हैं। इस ऐप का प्रयोग करने से मरीज को अस्पताल आने की ज़रूरत होगी और न ही वह इन्फेक्शन से ग्रसित होगा। फलस्वरूप मरीज और स्वास्थ्यकर्मी एवं चिकित्सक भी सुरक्षित रहेंगे। -------- जन—जन तक होगी इसकी पहुंच :— अभी तो यह फ्री ही रहेगा। लेकिन आने वाले समय में आवश्यकतानुसार फीस तय किए जा सकते हैं ताकि इसकी पहुँच जन-जन तक हो सके। लॉकडाउन के दौरान जब वाहन मिलना अत्यन्त कठिन और प्रतिबंधित है। ऐसे में ऐप के माध्यम से मरीज घर बैठे ही न केवल अपना इलाज़ करा सकता है ,बल्कि दवा आदि तथा इलाज़ के बारे में भी डॉक्टर से विचार-विमर्श कर सकता है। इससे समय के साथ धन की भी बचत हो सकेगी। ------- इन बीमारियों का होगा इलाज :— टेली औषधि ऐप पर प्रसूत रोग,जनरल फीजिशियन, बाल रोगों,हडडी रोग, शल्य चिकित्सा,नाक, कान, गला आदि,मनोचिकित्सा, किडनी, दिल, दांतों,आंखों, पेट,कैंसर, गठिया,चेस्ट आदि बीमारियों का इलाज हो सकेगा। ------- ये होगे चिकित्सक :— टेली औषधि ऐप पर 17 सरकारी और 89 प्राइवेट चिकित्सक मरीजों की बीमारी की समस्या का समाधान करने के लिए सुबह 8 बजे से उपलब्ध रहेंगे। ये चिकित्सक छह घंटे तक टेली औषधि ऐप पर बीमारी संबंधित परामर्श दे सकेंगे। सभी चिकित्सकों की टाइमिग् सुविधानुसार टेली औषधि ऐप पर दी गई है। जिसमें मरीज उस समय चिकित्सक से बात कर अपनी बीमारी से संबंधित समस्या का समाधान पा सकेगा। प्ले स्टोर से होगा डाउनलोड :— यह ऐप प्ले स्टोर से डाउनलोड होगा। इसमें वाटसएप वीडियो कॉलिग की भी व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर मरीज और चिकित्सक वाटसएप कॉलिग कर बात कर सकते हैं। ऐप में रोग और मरीजों को देखते हुए कई सुविधाएं प्रदान की गई है।