हिंडन बैराज रोड पर रोजाना जाम से जूझने वाले हजारों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जीडीए इस होली पर लोगों को अंडरपास का गिफ्ट देगा। 12 मार्च को होली है और होली से एक दिन पहले हिंडन बैराज रोड पर निर्माणाधीन अंडरपास को जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
इससे दिल्ली, नोएडा और टीएचए से गाजियाबाद आने-जाने वाले लोगों को वन वे ट्रैफिक की सुविधा मिलेगी। बीच में कोई सिग्नल न होने से टीएचए से जीटी रोड लोग मिनटों में पहुंचेंगे।वीसी विजय यादव ने बताया रेलवे लाइन तक भारी ट्रैफिक के बीच एलिवेटेड रोड पर गार्डर रखने का एक बड़ा काम था जो रविवार को पूरा हो गया।
इससे जीटी रोड से अंडरपास तक एप्रोच रोड बनाने की अड़चन दूर हो गई। अब दूसरी साइड यानी अंडरपास से वसुंधरा की तरफ एप्रोच रोड तब ही बनाई जा सकती है, जब एलिवेटेड रोड का काम वसुंधरा से आगे निकल जाएगा। मंगलवार से रेलवे लाइन और वसुंधरा के बीच एलिवेटेड रोड पर गार्डर और स्पैन बिछाने का काम चलेगा।
इस दूरी में सात पिलर हैं। एक पिलर से दूसरी पिलर तक स्पैन बिछाने में चार दिन का समय लगता है। इन पिलरों पर एलिवेटेड रोड की लांचर फरवरी के अंत तक स्पैन बिछा देगी। इसके बाद अंडरपास से वसुंधरा के बीच एप्रोच रोड बनाने का काम शुरू होगा। उन्होंने बताया कि होली के मौके पर अंडरपास को चालू कर दिया जाएगा।
अभी टीएचए की तरफ से जीटी रोड आने जाने के लिए हिंडन नदी के किनारे एक ही सड़क है। अंडरपास चालू होने के बाद यह सड़क सिर्फ जीटी रोड से टीएचए की तरफ जाने के लिए होगी। टीएचए से जीटी रोड जाने के लिए नई सड़क होगी जो अंडरपास से गुजरेगी। दोनों सड़कें सिग्नल फ्री होंगी।
ऐसे में वसुंधरा से जीटी रोड तक की दूरी लोग पांच मिनट में तय करेंगे। इन दिनों यह दूरी तय करने में करीब आधा घंटा लग जाता है, वह भी तब जब जाम न हो।बता दें कि तीन करोड़ की लागत से रेलवे ने यह अंडरपास दो माह पहले बना दिया था।
जीडीए वीसी ने पिछले अक्तूबर में ही अंडरपास को चालू करने का एलान किया था मगर जीडीए की लेटलतीफी के चलते यह काम अटका रहा। अधिशासी अभियंता चक्रेश जैन ने बताया कि मार्च में हर हालत में अंडरपास को चालू कर दिया जाएगा अंडरपास के लिए दोनों तरफ से एप्रोच रोड को पक्का करने का काम अप्रैल में पूरा हो पाएगा।
फिलहाल रोड ऐसी होगी कि लोग उसका उपयोग कर लेंगे। पहले एप्रोच रोड जीटी रोड से इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क के पास से अंडरपास तक बनाई जाएगी। इसके बाद अंडरपास से वसुंधरा सेक्टर दो के बीच एप्रोच रोड तैयार की जाएगी।