गरीबों के लिए बनाए गए प्रधानमंत्री आवास योजना के 3496 ई-डब्ल्यूएस भवनों तक पेयजल पहुंचाने के लिए कवायद तेज हो गई है। जल निगम की हीलाहवाली के बाद अब गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से ई-डब्ल्यूएस भवनों को पेयजल पहुंचाने के लिए कार्य कराया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से तैयारी की जा रही है। जल्द ही इसके लिए टेंडर जारी किया जाएगा।
जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की ओर से 3496 ई-डब्ल्यूएस भवनों का निर्माण कराया गया था। जल निगम की ओर से इलाके में पेयजल आपूर्ति के लिए कार्य कराया जाना था। इसके लिए 14 करोड़ सात लाख की लागत से पेयजल और सीवरेज व्यवस्था का एस्टीमेट भी तैयार किया गया था, लेकिन देरी के चलते अब जीडीए की ओर से इस कार्य को कराया जाएगा। बता दें कि पीएम आवास योजना के तहत जिले में पांच स्थानों पर ई-डब्ल्यूएस फ्लैट बनाए गए हैं। इनके आवंटन भी हो चुके हैं। पेयजल की व्यवस्था नहीं होने से अधिकांश आवंटी किराये के भवनों में रह रहे हैं। जीडीए की ओर से पेयजल लाइन बिछाने और भवनों तक पानी पहुंचाने के लिए जल निगम को पत्र लिखा गया था।
पूरा हो चुका है सभी कार्य
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए मकानों के लिए सभी कार्य को पूरा कर लिया गया है। सभी आवासों के लिए बिजली समेत अन्य कार्यों को पूरा करा दिया गया है। केवल पेयजल की सप्लाई के लिए कार्य को कराया जाना है। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से तैयारी की जा रही है।
कहां कितने भवन
डासना : 432
मधुबन-बापूधाम : 856
प्रताप विहार : 1200
नूरनगर : 480
निवाड़ी : 528
यह होना है कार्य-
डासना : डासना में पेयजल पहुंचाने के लिए 200 किलोलीटर की पानी की टंकी, एक नलकूप और टंकी के चारों ओर चहारदीवारी और पंप हाउस।
मधुबन-बापूधाम : 325 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, परिसर, पंप हाउस, नलकूप का निर्माण।
प्रताप विहार सेक्टर-12 : 450 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, परिसर, दो नलकूप, पंप हाउस का निर्माण।
नूरनगर : 200 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, एक नलकूप, पंप हाउस, चहारदीवारी का निर्माण।
निवाड़ी : 250 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, परिसर में चहारदीवारी, एक नलकूप, पंप हाउस।