साहिबाबाद। करनगेट चौकी के पास शुक्रवार रात आठ बजे दो बदमाशों ने घर के बाहर टहल रहे विभांशु अग्रवाल से मोबाइल लूट लिया। आरोप है कि शिकायत करने पर पुलिस उनसे बोली कि हम लूट की नहीं, फोन खोने का मुकदमा दर्ज करेंगे। ट्विटर पर मुख्यमंत्री से शिकायत करने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। आरोप है कि मुकदमे के बाद पुलिसकर्मी ने उनसे ट्विट डीलिट करने के लिए कहा।
शालीमार गार्डन में विभांशु अग्रवाल ने बताया कि रात करीब आठ बजे घर के पास ही टहल रहे थे। तभी दो बदमाश बिना हेलमेट तेज रफ्तार की बइक से आए और उनके हाथ से फोन लूट लिया। उन्होंने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन पकड़ नहीं पाए। वह शिकायत करने करनगेट चौकी पहुंचे। वहां पुलिसकर्मी ने उनसे फोन खोने की शिकायत मांगी। इतना ही नहीं, वह मुकदमा कराने के लिए तीन से चार बार चौकी गए, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। परेशान होकर उन्होंने आला अधिकारियों से गुहार लगाई। इसके बाद एप की मदद से खुद ही फोन की लोकेशन देखी तो वह घर से कुछ दूर गली की दिख रही थी। इस बारे में उन्होंने पुलिस को बताया बावजूद इसके पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं कर उन्हें चौकी-थाने से टरका दिया। ट्विटर पर शिकायत करने के बाद उन्हें ट्विट डिलीट करने के लिए कहा गया। एसीपी शालीमार गार्डन सूर्यबली मौर्य का कहना है कि शिकायत पर फोन सर्विलांस की मदद से ट्रेस कर रहे हैं।