गाजियाबाद। साइबर ठगों ने पार्ट टाइम जॉब और टास्क पूरा कर रोजाना 1500 से 1600 रुपये कमाने का झांसा देकर राजनगर एक्सटेंशन की एक सोसायटी निवासी अभिनव भल्ला से 37.21 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर थाने में ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि नंदग्राम थाना क्षेत्र की केडब्ल्यू सृष्टि सोसायटी में रहने वाले अभिनव भल्ला के मुताबिक उनके पास 15 फरवरी को व्हाट्सएप पर ईशा आहूजा द्वारा मैसेज किया गया। उसने खुद को डेंटसू वेब चटनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का एचआर बताया। इसके बाद उसने उन्हें पार्ट टाइम जॉब के बारे में बताया कि वह रोजाना 1500 से 1600 रुपये घर बैठे कमा सकते हैं। बातचीत कर उनसे उनकी पर्सनल डिटेल्स ले ली। डेमो टास्क पूरा करने पर उन्हें 150 रुपये दिए गए। इसके बाद उन्हें टेलीग्राम के जरिये अंजली से संपर्क करने के लिए कहा। फिर उन्हें गूगल प्लेस की समीक्षा करने के टास्क दिए गए। शुरुआत में कुछ रकम देकर विश्वास जीत लिया लेकिन उन्हें वास्तविक भुगतान प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने रिसेप्शनिस्ट से बात की तो उन्हें टेलीग्राम पर अलग-अलग ग्रुप में जोड़कर समस्या का समाधान करने के लिए कहा। बाद में क्रेडिट स्कोर कम होने, काम पूरा न होने की समस्या, खाता निष्क्रिय होना, सिस्टम में परेशानी समेत तमाम दिक्कतें बताकर रकम अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराते रहे। 16 फरवरी से आठ अगस्त तक उनसे 37.21 लाख रुपये ले लिए। बाद में कुछ भी रिटर्न नहीं मिला। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह ने बताया कि मामले में 24 सितंबर को केस दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। ठगी गई रकम को फ्रीज कराने का प्रयास किया जा रहा है। जिन खातों में रकम गई है। उनकी भी जानकारी निकलवाई जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।