गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में साले का व्हाट्सएप हैक कर जीजा से 85 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भीमनगर निवासी मुकेश कुमार को उनके साले राजेंद्र के व्हाट्सएप नंबर से संदेश मिला। इसमें यूपीआई काम नहीं करने का हवाला देते हुए तत्काल पैसों की मांग की गई थी। मुकेश ने साले की परेशानी समझकर बिना संदेह किए दिए गए दो मोबाइल नंबरों पर तीन किस्तों में 25 हजार, 15 हजार और 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस तरह उनके खाते से कुल 85 हजार रुपये निकल गए।
कुछ समय बाद मुकेश ने साले को सामान्य फोन कॉल किया तो राजेंद्र ने किसी भी तरह का मैसेज भेजने या पैसों की मांग करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मुकेश को ठगी का पता चला। उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई और क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में लिखित तहरीर दी।
एसीपी वेव सिटी प्रिया श्रीपाल ने बताया कि साइबर सेल की मदद से जिस खाते में रकम जमा हुई है, उसे फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि ठगी की रकम को सुरक्षित किया जा सके। पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जालसाजों की तलाश में जुटी है।