कौशांबी। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) ने कौशांबी क्षेत्र में संचालित फिटनेस सेंटर पर छापा मार कर 30 लाख की कर चोरी पकड़ी। कार्रवाई जिम सेंटर में चल रही कर चोरी के मामले में गुप्त शिकायत मिलने पर की गई।
जीएसटी की अपर आयुक्त मोनु त्रिपाठी ने बताया कि लंबे समय से जिम की शिकायत विभाग को मिल रही थी। आरोप था कि जिम सदस्यों से भारी शुल्क लेने के बावजूद रिटर्न में बेहद कम कर आय दिखकर कर चोरी की जा रही है। जांच शुरू हुई तब यह भी सामने आया कि फर्म ने अपने रिटर्न में जिम सेवाओं की तुलना में कई गुना अधिक सामान की बिक्री दिखाई, जबकि व्यापार स्थल पर न तो कोई स्टॉक मिला और न ही खरीद-बिक्री के कोई रिकॉर्ड। बताया कि कई दिनों तक आम ग्राहक बनकर जिम का दौरा किया और वास्तविक फीस व सेवाओं का ब्योरा जुटाया। जांच में जिम कर्मियों का वेतन, किराया, बिजली जैसे खर्चों की तुलना में घोषित आय बेहद कम पाई गई। इससे फर्जीवाड़ा स्पष्ट हो गया। इसके बाद रविवार को टीम ने छापा मारा और कार्रवाई की। अपर आयुक्त जीएसटी मोनू त्रिपाठी ने बताया कि जिम से सभी संबंधित दस्तावेज व लेनदेन के रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कर चोरी के मामले में लगातार अभियान जारी है।