कौशांबी। युवक की आत्महत्या के मामले में चार माह बाद अदालत के आदेश पर पत्नी समेत पांच लोगों के खिलाफ एक जून को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित पिता का आरोप है कि पत्नी और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर उनके बेटे ने आत्महत्या की थी। बेटे ने पत्नी के अवैध संबंध का विरोध किया तो उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। जनवरी 2026 में उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली।
दर्ज मामले में बुजुर्ग पीड़ित ने बताया कि 8 फरवरी 2018 को उन्होंने बेटे की शादी की थी। पुत्रवधू का व्यवहार शादी के बाद से ही अपने पति व ससुराल पक्ष के प्रति बेहद खराब रहने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन बाद पुत्रवधू के अवैध संबंध की बात सामने आई। यकीन तब हुआ जब उनके बेटे ने अंजान व्यक्ति के साथ उसके आपत्तिजनक फोटो मोबाइल फोन में देखे। उसने विरोध किया तब उसकी पत्नी ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। जब उनके बेटे ने इसकी शिकायत ससुरालियों से की तो उन्होंने भी उसे झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी दे डाली। पीड़िता ने बताया कि इस व्यवहार के बाद बेटा मानसिक तनाव से गुजरने लगा और 22 जनवरी 2026 को आत्महत्या कर ली। उन्होंने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई तो अदालत से न्याय की गुहार लगाई। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित की तरफ से दिए साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।