खोड़ा में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे पूर्व विधायक संगीत सोम। अमर उजाला
खोड़ा। सूर्या की हत्या करने के आरोपी असद को पुलिस ने ढेर कर दिया है। अदालती प्रक्रिया से बाकी आरोपियों को भी जल्द कड़ी सजा मिलेगी। अभी मुख्य आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा हुआ है, जल्द ही बुलडोजर की कार्रवाई भी होगी। यह बातें मेरठ-सरधना के पूर्व विधायक संगीत सोम ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं।
पूर्व विधायक सोमवार को सूर्या के परिवार से मिलने खोड़ा पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक मदद का चेक सौंपते हुए आश्वासन दिया कि हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे।
पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक ने कहा कि खोड़ा में जिहादी मानसिकता के लोग बसाए नहीं गए हैं, बल्कि खुद आकर बस गए हैं। उन्होंने कहा कि सूर्या की हत्या के बाद समुदाय विशेष का कोई धर्म प्रचारक या धर्म गुरु नहीं बोला। किसी ने भी आगे आकर घटना की निंदा नहीं की। इसके विरोध में आवाज नहीं उठाई।
उनके अलावा कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉली शर्मा, मां काली वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजिका उदिता त्यागी भी पीड़ित परिवार से मिलीं। खोड़ा नगर पालिका की अध्यक्ष मोहिनी शर्मा के पति पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने भी पीड़ित परिवार से मिलकर 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। साथ ही प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की मांग की।
नवनीत विहार निवासी 11वीं के छात्र सूर्या की हत्या के बाद से उसके घर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। सोमवार को पहुंचे नेताओं ने सूर्या के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी मां सरोज ठाकुर व अन्य परिजनों को सांत्वना दी।