मोदीनगर। बेगमाबाद बाजार में बुधवार रात बाल विकास परियोजना अधिकारी रेखा शर्मा के घर चोरी हुई। बदमाशों ने करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 25 हजार रुपये नकदी चुरा ली। यह घटना ग्रामीण बैंक की ऊपरी मंजिल पर स्थित मकान में हुई।
रेखा शर्मा महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत हैं। उनके पति भगवान शर्मा सेवानिवृत्त अभियंता हैं। बुधवार देर रात परिवार के सदस्य मकान की पहली और दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। बदमाश समीप के निर्माणाधीन मकान की छत के रास्ते दाखिल हुए। उन्होंने बरामदे का जाल और कमरे की कुंडी काटकर अलमारी तोड़ी। अलमारी का लॉकर तोड़कर 22 तोले सोने के गहने, लगभग एक किलो चांदी और 25 हजार रुपये नकदी चुराई गई। परिवार को बृहस्पतिवार सुबह चोरी का पता चला। घटना रात एक बजे से चार बजे के बीच हुई।
सूचना मिलने पर मोदीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। भगवान शर्मा ने पुलिस को घटना की तहरीर दी है। सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर ने बताया कि पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।