इंदिरापुरम। अभय खंड क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब साढे सात बजे बिजली लाइन में अचानक आग लग गई। आग कचरे के कारण लगी तो चंद मिनट में लपटें केबल तक पहुंच गईं। लोगों ने घटना की सूचना दमकल विभाग और ऊर्जा निगम को दी। ऊर्जा निगम ने एक घंटे तक आपूर्ति बंद कर दी। वहीं दमकल विभाग कर्मचारियों आधे घंटे में आग पर काबू पाया।
अभय खंड निवासी उमेद खैरा ने बताया कि बिजली पोल के पास कई अवैध अतिक्रमण कर लोग यहां कचरा फेंकते हैं। उसी में आग लगा देते हैं। सोमवार को कचरे की आग बिजली पोल पर तार तक पहुंच गई। आग के कारण सुरक्षा अपार्टमेंट, वरदान अपार्टमेंट, तक्षशिला अपॉर्टमेंट समेत कई सोसायटियों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। आग लगने के बाद इंदिरापुरम के कई सोसायटियों में बिजली आपूर्ति बाधित रही वहीं ओवरलोड के कारण वैशाली, वसुंधरा, साहिबाबाद, राजेंद्र नगर और टीलामोड़ समेत कई इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली कटौती के कारण देर रात तक लोगों को गर्मी और पानी की समस्या का सामना करना पड़ा।