वसुंधरा और डेल्टा कालोनी के रेजिडेंट को दो दिन गंगाजल की दिक्कत रहेगी। इंदिरापुरम के शक्ति खंड-4 स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से पहले एलएंडटी कंपनी ने केबल बिछाने के दौरान गंगाजल की 32 इंच की मुख्य लाइन तोड़ दी है।
लाइन की मरम्मत बृहस्पतिवार शाम तक हो सकेगी। इस कारण बुधवार की शाम गंगाजल की आपूर्ति नहीं हुई और बृहस्पतिवार को भी पानी नहीं मिलेगा। इस दौरान नगर निगम नलकूप और सीडब्ल्यूआर में स्टोर पानी ही सप्लाई करेगा।
प्रताप विहार प्लांट से वसुंधरा को गंगाजल की लाइन आती है। इंदिरापुरम में एलएंडटी कंपनी केबल बिछाने का काम कर रही थी। बुुधवार सुबह करीब 12 बजे ड्रिल करते समय दो जगह से पानी की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
कुछ ही देर में सैकड़ों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो गया। नगर निगम को लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली तो सप्लाई बंद कराई। अधिकारियों की मानें तो लाइन से पहले पानी निकाला जाएगा, उसके बाद मरम्मत शुरू की जाएगी। बृहस्पतिवार शाम तक लाइन ठीक हो पाएगी, जिसके बाद ही गंगाजल की सप्लाई सुचारु होगी।
शाम को नहीं हुई पानी की सप्लाई
अवर अभियंता योगेंद्र यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सप्लाई में किसी तरह की समस्या नहीं हो, इसके लिए बुधवार शाम को पानी की सप्लाई नहीं की गई। उनका कहना है कि इंदिरापुरम और वैशाली में गंगाजल सप्लाई सुचारु रहेगी। वसुंधरा और डेल्टा कालोनी में गंगाजल की आपूर्ति नहीं होगी।