साहिबाबाद। वसुंधरा और सिद्धार्थ विहार योजना के बाद अब आवास विकास परिषद अपने अजंतापुरम योजना में भी गंगाजल लाइन बिछाएगा। मोहन नगर जोन में भले गंगाजल न हो लेकिन परिषद की इस योजना में रहने वाले लोगों को गंगाजल का लाभ मिलेगा। करीब 150 करोड़ की लागत से योजना में गंगाजल लाइन बिछाई जाएगी।
आवास विकास परिषद की गाजियाबाद में यह तीसरी योजना है जहां बेहतर सुविधाएं दिए जाने का पूरा खाका तैयार कर लिया गया है। परिषद की वसुंधरा और सिद्धार्थ विहार योजना में भी गंगाजल की सुविधा है।
अब अजंतापुरम योजना में भी गंगाजल दिए जाने पर मुहर लगी है। सहकारी समिति पदाधिकारी आरबी शर्मा का कहना है कि लेआउट में पहले ही गंगाजल लाइन की सुविधा के एस्टीमेट को तैयार कर लिया गया था। 150 करोड़ में 70 करोड़ समितियों की ओर से दिए जाएंगे और अन्य 80 करोड़ रुपये परिषद की ओर से लगाए जाएंगे। वहीं इस मामले में अधीक्षण अभियंता अजय मित्तल ने बताया कि योजना में गंगाजल उपलब्ध कराया जाना है। इसे लेआउट में शामिल किया गया है लेकिन इसका बजट आगे-पीछे हो सकता है। उन्होंने बताया कि अभी योजना की शुरुआत हो रही है। गंगाजल लाइन कैसे और कब से बिछाया जाना शुरू होगा, इसको लेकर संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर इसका खाका तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एस्टीमेट कम या ज्यादा हो सकता है, पहले जो एस्टीमेट तैयार किया गया था, वर्तमान समय में खर्च बढ़ सकता है। जो भी खर्च आएगा उसका समानुपातिक खर्च परिषद और सहकारी समिति को देना होगा।
इनसेट
सिद्धार्थ विहार के गौर सिद्धार्थम में नहीं है गंगाजल, लोगों में नाराजगी
गंगाजल न मिलने से गौर सिद्धार्थम में रह रहे लोगों ने नाराजगी जताई है। सोसायटी के लोगों ने आवास आयुक्त को पत्र लिखकर गंगाजल दिए जाने की मांग की है। वहीं इस मामले में परिषद अधिकारियों का कहना है कि गौर सिद्धार्थम के बिल्डर पर देनदारी बची हुई है, देनदारी देने के बाद ही सुविधा मुहैया कराई जाएगी।