माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। दिल्ली में होने वाली जी 20 समिट से पहले ट्रांस हिंडन जोन की पुलिस हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से यूपी गेट तक सड़क के किनारे मकानों के लोग मालिक और दुकानदारों का सत्यापन करेगी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस सभी का ब्योरा अपने पास रखेगी। बृहस्तिवार शाम पुलिस आयुक्त अजय मिश्रा ने मेहमानों के रूट और सुरक्षा प्लान निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कई निर्देश दिए।
पुलिस आयुक्त शाम को हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल पहुंचे। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश पी. कुमार डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन और सहायक पुलिस उपायुक्त थे। उन्होंने सभी अधिकारियो के साथ बैठक की। इसमें एयरपोर्ट की आंतरिक सुरक्षा से लेकर विदेशी मेहमानों के आने का रूट प्लान व सुरक्षा नीति पर बात की। उन्होंने रूट पर सभी कट को बंद कर वहां यातायात पुलिसकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए। डीसीपी शुभम पटेल ने बताया कि मेहमानों को सिविल एयरपोर्ट से लेकर हिंडन एयरफोर्स होते हुए करहेड़ा वाया एलिवेटेड रोड से यूपी गेट और वहां से दिल्ली ले जाया जाएगा। 7 से 10 दिसंबर के बीच ट्रांस हिंडन जोन में विशेष सुरक्षा रहेगी। एयरपोर्ट से लेकर पूरे रूट पर सड़क किनारे किसी भी रेहडी-पटरी या दुकान नहीीं लगने दी जाएगी। सबसे महत्वपूर्ण है कि सड़क किनारे मकानों में रहने वाले लोग और दुकानदारों का सत्यापन शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के लिहाज से विदेशी मेहमानों के आने के दौरान सड़क किनारे किसी व्यक्ति को खड तक नहीं होने दिया जाएगा। सिकंदरपुर से यूपी गेट तक जितने भी कट हैं उन्हें बंद करके पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में एक हजार पुलिसकर्मी विभिन्न जगह तैनात रहेंगे। वहीं, केंद्रीय व राज्यीय लोकल इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय हो गई है। उधर, पुलिस आयुक्त ने बैठक में सभी दिशा-निर्देश देने के बाद अधिकारियों को क्षेत्र में भेज दिया।