मोदीनगर। भोजपुर पुलिस ने पांच सौ रुपये के नकली नोटों के मामले में फरार चल रहे आरोपी सादिक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी सादिक के कब्जे से पांच सौ रुपये का एक नोट बरामद किया है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि भोजपुर पुलिस ने बीते 11 मार्च को कस्बा फरीदनगर में चेकिंग के दौरान पांच-पांच सौ रुपये के आठ नकली नोटों के साथ शोएब उर्फ गुल्ला को गिरफ्तार किया था। शोएब ने पूछताछ में सादिक निवासी मुरादनगर से कीमत से आधे दामों पर पांच सौ रुपये के आठ नकली नोट खरीदने की बात बताई थी। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी थी। भोजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर मंगलवार को सादिक निवासी मुरादनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपी के कब्जे से पांच सौ रुपये का एक नकली नोट भी बरामद हुआ। सादिक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अनस से 15 सौ रुपये में पांच-पांच सौ के नौ नकली नोट खरीदे थे। इनमें से आठ नोट शोएब को बेच दिए थे। पुलिस तस्कर अनस की तलाश कर रही है।