साहिबाबाद। इंतजार की घड़ियां खत्म हो गई हैं। रैपिड रेल नमो भारत में रविवार से दिल्ली तक का सफर शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी साहिबाबाद से न्यू अशोक नगर तक के 13 किलोमीटर लंबे अतिरिक्त काॅरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इसके लिए पीएम दिल्ली से साहिबाबाद पहुंचेंगे। यहां से ट्रेन में सवार होकर न्यू अशोक नगर स्टेशन जाएंगे। इस स्टेशन का भी उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन के बाद शाम को पांच बजे आम लोग सफर कर सकेंगे। हर 15 मिनट पर ट्रेन उपलब्ध रहेगी। मौजूदा समय में साहिबाबाद मेरठ दक्षिण के बीच कॉरिडोर का 42 किलोमीटर लंबा हिस्सा चालू है, जिसमें नौ स्टेशन हैं। इस उद्घाटन के साथ नमो भारत कॉरिडोर का परिचालन खंड 55 किलोमीटर तक बढ़ जाएगा, जिसमें कुल 11 स्टेशन होंगे।
इसका परिचालन शुरू होने से मेरठ और गाजियाबाद अब नमो भारत के जरिए दिल्ली से सीधे जुड़ गए हैं। इससे यात्रा का समय एक तिहाई कम हो जाएगा, जिससे यात्री न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक सिर्फ 40 मिनट में यात्रा कर सकेंगे। न्यू अशोकनगर-सराय काले खां और मेरठ साउथ-मोदीपुरम में निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।