कौशांबी। जालसाजों ने महिला से कस्टम अधिकारी बनकर 1.70 लाख ठग लिए। ठगों ने महिला के नाम से मुंबई से कनाडा पार्सल भेजन की फोन पर बात कर घटना को अंजाम दिया है। जालसाजों ने अपने आपको मुंबई पुलिस और कस्टम विभाग का बताकर मनी लॉन्ड्रिंग का मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर ठगी की। मामला कौशांबी थाना में दर्ज कराया गया है।
वैशाली सेक्टर चार निवासी अनिता शर्मा ने बताया कि उन्होंने एक पार्सल ताइवान भेजा। उनके पास फेडेक्स एक्सप्रेस के अनजान नंबर से विनोद गुग्गला का फोन आया। फोन करने वाले विनोद ने उन्हें बताया कि उनके नाम से एक पार्सल मुंबई से कनाडा के लिए भेजा गया है। पार्सल में उनका आधार कार्ड, पैन कार्ड और गाजियाबाद का पता है। पार्सल अवैध है और उसके अंदर तीन पासपोर्ट, चार एटीएम और चार सिम कार्ड हैं। उनका कहना है कि अपने आप को जालसाजों ने कस्टम अधिकारी बताकर मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध गतिविधियों में शामिल होने का मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी। आरोप है कि मुकदमा दर्ज नहीं करने के एवज में रकम मांगी गई। जालसाजों ने अनिता से उनकी निजी जानकारी भी मांगी जो उसने दे दी। अनिता ने जालसाज द्वारा बताए गए खाते में 1.70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में पता चला कि उनके साथ ठगी हुई है। थाना प्रभारी अंकित तरार का कहना है कि साइबर सेल मामले की जांच कर रही है।
-