उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मसूरी क्षेत्र में साले की फेसबुक आईडी हैक करके उसके जीजा से 1 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। साइबर अपराधियों ने अब रिश्तों का फायदा उठाकर ठगी करने का नया तरीका अपनाया है।
मसूरी क्षेत्र के ग्राम ढबारसी के रहने वाले एक व्यक्ति से उसके साले की आईडी हैक कर 1 लाख 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पीड़ित नुसरत पुत्र लताफत निवासी ग्राम ढबारसी मसूरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 मार्च को उनके फेसबुक मैसेंजर पर एक संदेश आया। इसके बाद उनके पास 9665570893780 नंबर से एक व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को 'हाजी बिलाल दिल्ली वाले' बताया।
आरोपी ने पीड़ित को झांसे में लेकर एक क्यूआर कोड भेजा, चूंकि पीड़ित को लगा कि संदेश उसके साले की आईडी से आया है, इसलिए उसने बिना शक किए अपने दोस्तों की मदद से 1 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
पैसे भेजने के कुछ समय बाद नुसरत को पता चला कि उसके साले की सोशल मीडिया आईडी हैक हो चुकी थी और किसी जालसाज ने फर्जी पहचान बताकर उससे यह रकम ठग ली है। पीड़ित नुसरत ने मसूरी पुलिस को लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसीपी मसूरी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात ठग के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।