माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के न्यायखंड दो निवासी एक युवक से टू व्हीलर बेचने का झांसा देकर ठगों ने 95 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित से रुपये भी ले लिए और वाहन भी नहीं दिया। पीड़ित ने ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर विज्ञापन देखकर ठगों से संपर्क किया था। पीड़ित ने वाहन स्वामी और डिलीवरी ब्वॉय के नाम से इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
इंदिरापुरम के न्यायखंड दो में अवीनाश डोबरियाल परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि 27 जून को उन्होंने एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर विज्ञापन देखकर एक टू व्हीलर मालिक संजय से संपर्क किया। इसके बाद उन्होंने वाहन स्वामी के खाते में 95 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। वाहन स्वामी ने वाहन की डिलीवरी कराने की बात कही। इसके बाद काफी समय बीत गया, लेकिन वाहन नहीं आया। उन्होंने वाहन स्वामी से संपर्क किया तो उसका मोबाइल बंद था। इसके बाद उन्हें अपने साथ हुई ठगी के बारे में जानकारी हुई। उन्होंने इंदिरापुरम थाने में वाहन स्वामी संजय और डिलीवरी ब्वॉय बाबूलाल के खिलाफ नामजद तहरीर दी। एसएचओ इंदिरापुरम संजीव शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।