बिल्डिंग मटेरियल डलवाने के बाद भुगतान न करने और धमकी देने के आरोप में डीएस कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ सहायक पुलिस आयुक्त को शिकायत दी गई, पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ उसके माल की बकाया धनराशि नहीं मांगने पर धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मसूरी क्षेत्र में व्यापारिक लेनदेन को लेकर धोखाधड़ी और धमकी का एक मामला सामने आया है। एफआर ट्रेडिंग कंपनी स्थित एनएच नौ चन्द्रलोक कॉलोनी मसूरी के मालिक मौहम्मद फैजान ने डीएस. कंस्ट्रक्शन के मालिक धीरेन्द्र यादव निवासी रघुनाथपुर वेव सिटी पर लाखों रुपये का भुगतान न करने और मांगने पर गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप लगाते हुए सहायक पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत दी है।
शिकायतकर्ता मौहम्मद फैजान के अनुसार, उनकी एफआर ट्रेडिंग कंपनी ने एक व्यावसायिक अनुबंध के तहत डीएस. कंस्ट्रक्शन कंपनी की साइट पर माल सप्लाई किया था। इस सप्लाई के बदले तीन लाख 9 हजार 271 रुपये का भुगतान बकाया है। पीड़ित का आरोप है कि कई बार संपर्क करने के बावजूद आरोपी धीरेन्द्र यादव ने राशि का भुगतान नहीं किया। अब आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया है, जिससे पीड़ित को अंदेशा है कि उनकी मंशा शुरू से ही धोखाधड़ी करने की थी। जब कभी फोन पर बात होती है, तो आरोपी द्वारा कथित तौर पर गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकी दी जाती है।
मौहम्मद फैजान ने पुलिस को बताया कि उनके पास माल सप्लाई से संबंधित सभी पुख्ता दस्तावेज जैसे इनवॉइस और वजन पर्ची उपलब्ध हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में उचित जांच कर कानूनी कार्रवाई करने और अपनी बकाया राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है। कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपी धीरेन्द्र यादव निवासी रघुनाथपुर वेव सिटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।