ऑनलाइन वेबसाइट पर सोफा खरीदने के नाम पर ठगी
गाजियाबाद। सिहानीगेट थाना क्षेत्र में ऑनलाइन वेबसाइट पर पुराना सोफा बेचना एक महिला को महंगा पड़ गया। कॉलर ने फोन कर सोफा खरीदने के नाम पर 15 हजार रुपये ठग लिए। ठगी का पता चलने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
राजनगर एक्सटेंशन की राज एंपायर सोसायटी निवासी प्रीति गुप्ता पत्नी नितिन गुप्ता ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन वेबसाइट पर पुराना सोफा बेचने के लिए डाला था। इसी दौरान उनके पास एक फोन आया। कॉलर ने अपना नाम राज खन्ना बताया और सोफा खरीदने की इच्छा व्यक्त की। जिस पर सोफे का मूल्य 11 हजार रुपये तय हुआ। कॉलर से रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा गया तो वह बोला कार्ड से पैसे भेजेगा, क्योंकि वह एक व्यापारी है और पुराने फर्नीचर को रिपेयर करता है। उन्होंने बताया कि इसके बाद कॉलर ने एक रुपये की यूपीआई से ट्रांजैक्शन की रिक्वेस्ट भेजी और कहा कि ऐसे ही पेमेंट होती है। इसके बाद उसने दो रुपये मेरे अकाउंट में भेजें जिससे मुझे विश्वास हो गया। जिस पर कॉलर ने पांच हजार का एसएमएस भेजा और कहा कि 10 हजार रुपये आपके अकाउंट में आ जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके बाद मेरे पांच हजार रुपये यूपीआई के अंतर्गत खाते से चले गए और कोई धनराशि जमा नहीं हुई। जब उन्होंने कॉलर से इस बारे में कहा तो उसने कहा कि आपने गलत तरीके से ट्रांसफर किया है। मैंने एक बार दोबारा पांच हजार रुपये यूपीआई पर ट्रांसफर किया। इसके बाद भी कोई पैसा वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि इसके बाद फोन करने पर कालर ने फोन नहीं उठाया। ठगी का एहसास होने पर मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और जिस नंबर से फोन आया था, उसे सर्विलांस पर लगा कर जांच पड़ताल की जा रही है।