इंदिरापुरम। अंहिसा खंड-2 क्लाउड -9 में रहने वाले चंद्रा क्रेडिट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर सुभाष चंद्रा के साथ 25 लाख रुपये की ठगी हुई है। पीड़ित ने कोर्ट के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपियों ने बैंक गारंटी के नाम पर पीड़ित से 25 लाख रुपये ठग लिए थे।
सुभाष चंद्रा निवासी अंहिसा खंड-2 क्लाउड-9 ने बताया कि वह चंद्रा क्रेडिट लिमिटेड के डायरेक्टर हैं। उन्होंने बताया कि हरीश चंद तिवारी निवासी आवास विकास सीतापुर, प्रवीन कुमार डायरेक्टर मोनार्क एग्रो कमोडिटीज निवासी दरिया गंज दिल्ली धोखेबाज किस्म के व्यक्ति हैं। आरोप है कि मैसर्स चंद्रा क्रेडिट लिमिटेड नाम से वित्तीय सलाह की कंपनी चलाता है, जो अपने ग्राहकों को वित्तीय सलाह देना एवं उनको बैंक गारंटी दिलाने हेतु मदद करते हैं।
पीड़ित की कंपनी के ग्राहक मैसर्स गुप्ता पावर को 10 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी की आवश्यकता थी। हरीश चंद तिवारी सुभाष चंद्रा के पास आया और बताया कि वह ग्राहक मैसर्स गुप्ता पावर को 10 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी दिलवा देगा। इसके एवज में कमीशन के तौर पर 10 करोड़ रुपये का 8 फीसदी (करीब 80 लाख रुपये) लगेगा। आरोपी पक्ष सुभाष के घर आए थे। सुभाष ने आरोपियों की बातों का भरोसा कर लिया। उनके बीच अनुबंध हुआ और 50 हजार रुपये नगद बैंक गारंटी का अप्रूवल दिलाने के लिए दिए। इसके बाद आश्वासन दिया कि 5 दिनों में बैंक गारंटी हो जाएगी। सुभाष को शुरूआत में आरोपियों को 25 लाख रुपये देने होंगे। सुभाष आरोपियों की बात में आ गया और 21 सितंबर को 50 हजार रुपये, 22 सितंबर को 10 लाख रुपये और 24 सितंबर को 9 लाख रुपये उनके खाते से डाल दिए। 5 लाख रुपये नकद भी दे दिए। आरोपियों के पास 25 लाख रुपये जाने के बाद पीड़ित ने बैंक अप्रूवल की बात पूछी। आरोपी पक्ष बहाना बनाकर टालते रहे। बार-बार कहने पर आरोपियों ने 25 लाख रुपये का जो चैक दिया वह बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने बात करनी बंद कर दी। आरोपियों के फोन भी बंद हो गए। आरोपी अपने ऑफिस पर भी नहीं आने लगे। आरोप है कि सुभाष की कंपनी मैसर्स चंद्रा क्रेडिट लिमिटेड के ग्राहक मैसर्स गुप्ता पावर को 10 करोड़ की बैंक गारंटी दिलाने की एवज में धोखाधड़ी करते हुए 25 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद भी बैंक गारंटी नहीं कराई। इसके बाद आरोपी पक्ष पीड़ित को धमकी दिलवा रहे हैं। इसके बाद सुभाष अपने घर के बाहर घूम रहा था। तभी दो व्यक्ति आए और दोनों ने धमकी देते हुए कहा कि उन्हें हरिश्चंद तिवारी व प्रवीण कुमार ने भेजा है। अगर पैसों की बात की तो परिवार को खत्म कर देंगे। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम जांच कर रही है।